खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए भारत में खिलाडी को सबसे बड़े खेल पुरस्कार राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार दिया जाता है। 1984 से 1989 तक भारत के प्रधानमंत्री रहे श्री राजीव गाँधी के नाम पर इस पुरस्कार का नाम रखा गया है। यह पुरस्कार प्रत्येक वर्ष राष्ट्रीय खेल दिवस (29 अगस्त) को खेल एवं युवा मंत्रालय द्वारा खिलाडी को प्रदान किया जाता है। इस पुरस्कार के लिए खिलाडी का चयन मंत्रालय द्वारा गठित एक समिति द्वारा किया जाता है, जिसमें खिलाडी के पिछले चार वर्षो के प्रदर्शन को देखा जाता है। इस पुरस्कार मे एक पदक, एक प्रशस्ति पत्र और नगद राशि- कुल 7.5 लाख रुपये पुरस्कृत खिलाडी को प्रदान की जाती है।
1991-1992 में स्थापित खेल रत्न पुरस्कार पहले किसी खिलाड़ी को एक वर्ष में शानदार प्रदर्शन के लिए दिया जाता था लेकिन 2014 में चयन समिति के सुझावों के आधार मंत्रालय ने चार वर्षों की अवधि में प्रदर्शन पर विचार करने के लिए फरवरी 2015 में मानदंडों को संशोधित किया। खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित व्यक्तियों को रेलवे में मुफ्त पास सुविधा प्रदान की जाती है जिसके तहत इस पुरस्कार से सम्मानित व्यक्ति राजधानी या शताब्दी गाड़ियों में प्रथम और द्वितीय श्रेणी वातानुकूलित कोचों में मुफ्त में यात्रा कर सकता है।
इस पुरस्कार के पहले प्राप्तकर्ता शतरंज के ग्रैंडमास्टर विश्वनाथन आनंद थे, जिन्हें वर्ष 1991-1992 में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया था। 2001 में, निशानेबाज अभिनव बिंद्रा, जो 18 वर्ष की आयु के थे, पुरस्कार के सबसे कम उम्र के प्राप्तकर्ता बने। आमतौर पर यह पुरस्कार एक वर्ष में केवल एक खिलाड़ी को सम्मानित किया जाता है, जिसमें कुछ अपवाद बने हैं (1993-94, 2002, 2009, 2012, 2016, 2017, 2018, 2019 और 2020) जब एक वर्ष में कई प्राप्तकर्ता सम्मानित किए गए थे।
राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार प्राप्त करने वाले खिलाडी
वर्ष | प्राप्तकर्ता | खेल प्रकार |
1991-92 | विश्वनाथन आनंद | शतरंज |
1992-93 | गीत सेठी | बिलियर्ड्स |
1993-94 | होमी मोतीवाला | नौकायन (समूह खेल) |
पुष्पेन्द्र कुमार गर्ग | नौकायन (समूह खेल) | |
1994-95 | कर्णम मल्लेश्वरी | भारोत्तोलन |
1995-96 | कुंजरानी देवी | भारोत्तोलन |
1996-97 | लिएंडर पेस | टेनिस |
1997-98 | सचिन तेंदुलकर | क्रिकेट |
1998-99 | ज्योतिर्मोयी सिकदर | एथलेटिक्स |
1999-2000 | धनराज पिल्ले | मैदानी हॉकी |
2000-01 | पुल्लेला गोपीचंद | बैडमिंटन |
2001 | अभिनव बिंद्रा | निशानेबाजी |
2002 | के एम बीनमोल | एथलेटिक्स |
अंजली भगवत | निशानेबाजी | |
2003 | अंजू बॉबी जॉर्ज | एथलेटिक्स |
2004 | राज्यवर्धन सिंह राठौड़ | निशानेबाजी |
2005 | पंकज आडवाणी | बिलियर्ड्स और स्नूकर |
2006 | मानवजीत सिंह सन्धू | निशानेबाजी |
2007 | महेंद्र सिंह धोनी | क्रिकेट |
2008 | कोई पुरस्कार नहीं | |
2009 | मैरी कॉम | मुक्केबाज़ी |
विजेन्द्र सिंह | मुक्केबाज़ी | |
सुशील कुमार | कुश्ती | |
2010 | साइना नेहवाल | बैडमिंटन |
2011 | गगन नारंग | निशानेबाजी |
2012 | विजय कुमार | निशानेबाजी |
योगेश्वर दत्त | कुश्ती | |
2013 | रंजन सोढी | निशानेबाजी |
2014 | कोई पुरस्कार नहीं | |
2015 | सानिया मिर्ज़ा | टेनिस |
2016 | पी॰वी॰ सिंधु | बैडमिंटन |
दीपा कर्मकार | जिम्नास्टिक्स | |
जीतू राय | निशानेबाजी | |
साक्षी मलिक | कुश्ती | |
2017 | देवेन्द्र झाझड़िया | पैरालम्पिक खेल |
सरदार सिंह | मैदानी हॉकी | |
2018 | साइखोम मीराबाई चानू | भारोत्तोलन |
विराट कोहली | क्रिकेट | |
2019 | दीपा मलिक | पैरालम्पिक खेल |
बजरंग पूनिया | कुश्ती | |
2020 | रोहित शर्मा | क्रिकेट |
मरियप्पन टी | पैरालम्पिक खेल | |
मनिका बत्रा | टेबल टेनिस | |
विनेश फोगाट | कुश्ती | |
रानी रामपाल | मैदानी हॉकी |